मुंबई, 07 अगस्त 2026: सोनी सब के लोकप्रिय शो ‘यादें’ में अब कहानी एक नए भावनात्मक मोड़ पर पहुंचने वाली है। शो में वरिष्ठ अभिनेत्री उषा बचानी की एंट्री होने जा रही है, जो वर्तिका यानी ‘आई साहेब’ का किरदार निभाएंगी। वह शो में दिग्गी (अर्जुन पुंज) की मां की भूमिका में नजर आएंगी।
वर्तिका एक गरिमामयी और सिद्धांतों पर चलने वाली महिला हैं, जिनका व्यक्तित्व परंपराओं, मूल्यों और मराठी संस्कृति से गहराई से जुड़ा हुआ है। वह मानती हैं कि इंसान की असली पहचान उसके व्यवहार और रोजमर्रा के कार्यों से होती है। अपने शांत लेकिन प्रभावशाली स्वभाव के साथ वर्तिका परिवार में ईमानदारी, सम्मान और अनुशासन को सबसे ज्यादा महत्व देती हैं।
कहानी में वर्तिका की मौजूदगी दिग्विजय और डॉक्टर सृष्टि (गुलकी जोशी) के जीवन में एक नया अध्याय लेकर आएगी। जहां वह अपने बेटे दिग्गी से बेहद जुड़ी हुई हैं, वहीं अपनी बहू से भी उनकी कुछ खास उम्मीदें हैं। ऐसे में उनका किरदार रिश्तों में भावनाओं और नए उतार-चढ़ाव को जोड़ने वाला होगा।
अपने किरदार को लेकर उषा बचानी ने कहा कि वर्तिका की गरिमा और शांत अधिकार ने उन्हें पहली नजर में प्रभावित किया। उन्होंने बताया कि वर्तिका परंपराओं को महत्व देने वाली ऐसी शख्सियत हैं, जो उन्हें बेहद खास बनाती है। साथ ही उन्होंने दिग्गी और वर्तिका के मां-बेटे के रिश्ते को कहानी का भावनात्मक पहलू बताया।
उषा बचानी की एंट्री से ‘यादें’ की कहानी में एक नई भावनात्मक परत जुड़ने वाली है, जिसे लेकर दर्शकों में उत्सुकता बढ़ गई है। सोनी सब पर ‘यादें’ का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात 8 बजे किया जाता है।

