- मुजगहन स्थित कॉलेज में पुलिस ने दिए सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के टिप्स, साइबर फ्रॉड से बचाव की दी जानकारी
रायपुर, 07 अगस्त (वेदांत समाचार)। मुजगहन स्थित श्री शंकराचार्य इंस्टीट्यूट ऑफ प्रोफेशनल मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में यातायात पुलिस, पुलिस कमिश्नरेट रायपुर और साइबर सेल के संयुक्त तत्वावधान में यातायात जागरूकता, महिला सुरक्षा एवं साइबर सुरक्षा विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने के लिए महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
कार्यशाला में एसीपी ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू, यातायात प्रशिक्षक टी.के. भोई एवं साइबर सेल के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों, महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं, आपातकालीन परिस्थितियों में अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी तरह की छेड़छाड़ या अपराध की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें और जरूरत पड़ने पर उपलब्ध सुरक्षा सेवाओं का उपयोग करें।
विद्यार्थियों को रायपुर पुलिस की पिंक पेट्रोल यूनिट और अभिव्यक्ति ऐप के बारे में भी जानकारी दी गई। अधिकारियों ने महिला सुरक्षा में समाज की भूमिका और सभी नागरिकों की जिम्मेदारी पर जोर दिया।
यातायात प्रशिक्षक टी.के. भोई ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, यातायात संकेतों का पालन करने और नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने की अपील की। साथ ही रायपुर कमिश्नरेट क्षेत्र में संचालित यातायात क्यूआरटी और क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीकृत ई-रिक्शा व्यवस्था की जानकारी भी दी गई।
साइबर सेल के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर बुलिंग, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी शेयर करने से होने वाले नुकसान और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या संबंधित एजेंसी को दें और डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग सावधानी से करें।
कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों ने यातायात नियमों का पालन करने, महिला सम्मान एवं सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने और साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया और उन्हें अपने परिवार एवं समाज में भी जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षकगण सहित करीब 600 से 700 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

