कोरबा,06अगस्त (वेदांत समाचार)। कुदमूरा वन परिक्षेत्र (वन मंडल कोरबा) के कक्ष क्रमांक 1418, बीट जिलगा से लगे ग्राम कलमीटिकरा के जंगल में इन दिनों 9 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इस दल में एक नर, छह मादा तथा दो शावक शामिल हैं। हाथी अपने प्राकृतिक आवास में सामान्य रूप से विचरण कर रहे हैं, लेकिन कुछ लोगों की लापरवाही और शरारती हरकतों से गंभीर हादसे की आशंका बढ़ गई है।
वन विभाग के अनुसार, ग्राम कलमीटिकरा के समीप जंगल में बड़ी संख्या में ग्रामीण हाथियों को देखने पहुंच गए। इस दौरान कुछ लोग पेड़ों पर चढ़कर मोबाइल से वीडियो बनाने लगे, जबकि एक युवक हाथियों के बेहद करीब पहुंच गया। इसी दौरान हाथियों की चपेट में आने से ग्राम कलमीटिकरा निवासी किरण कुमार राठिया (30 वर्ष), पिता राम सिंह राठिया, के हाथ में चोट लग गई। हालांकि वह किसी बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गया।
घटना के तुरंत बाद शाम करीब 7 बजे घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करतला पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार कराया गया। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल के इलाज की व्यवस्था कराई। साथ ही उसकी पत्नी सविता राठिया को तत्काल राहत के रूप में 2,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट कहा है कि हाथियों के निकट जाने, उन्हें घेरने, छेड़ने या वीडियो बनाने के लिए जोखिम उठाने से बचें। हाथियों को उनके प्राकृतिक आवास में स्वतंत्र रूप से विचरण करने दें। मानव द्वारा उकसाए जाने पर हाथी आक्रामक हो सकते हैं, जिससे आसपास के गांवों में भी अप्रिय घटनाएं होने की आशंका बढ़ जाती है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर सतर्क रहें, बच्चों को जंगल की ओर न जाने दें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

