JCB लोडर में लगी भीषण आग मची अफरा-तफरी…

भिलाई, 14 अप्रैल (वेदांत समाचार)। भिलाई स्टील प्लांट के स्टील मेल्टिंग शॉप-3 (SMS-3) में रविवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एक जेसीबी लोडर में अचानक आग लग गई, जिसके बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना करीब रात 8 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, आग लगते ही चालक ने लोडर को सुरक्षित स्थान पर ले जाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही देर में आग तेजी से फैल गई और पूरी मशीन इसकी चपेट में आ गई।

स्थिति बिगड़ती देख चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी कर्मचारी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों को तुरंत वहां जाने से रोक दिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम ने पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। हालांकि, तब तक जेसीबी लोडर पूरी तरह जल चुका था। आग लगने के कारणों को लेकर फिलहाल स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। शुरुआती तौर पर दो तरह की चर्चाएं सामने आ रही हैं।

एसएमएस-3 के कर्मचारियों के अनुसार, चालक पूरी तरह सुरक्षित है और वह स्लैग को लेकर थिम्बल के जरिए स्लैग यार्ड की ओर जा रहा था, तभी यह घटना हुई। कुछ कर्मचारियों का मानना है कि इलेक्ट्रिक ट्रैक सिस्टम के जरिए स्लैग को ले जाया जा रहा था और इसी दौरान या तो स्लैग छलक गया या ट्रैक पर गिरे हॉट मेटल के संपर्क में आने से आग लग गई। वहीं, दूसरी चर्चा यह भी है कि इस तरह के वाहनों में विशेष सुरक्षा चेन पहियों में लगाई जाती है, ताकि गर्म पदार्थ से बचाव हो सके, लेकिन संभव है कि इस बार चेन नहीं लगी थी, जिससे आग फैल गई। प्रबंधन ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है ताकि आगे ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।