जांजगीर-चांपा में बाहरी मजदूरों का पुलिस सत्यापन अभियान, 150 श्रमिकों की जांच, 130 संदिग्धों से पूछताछ - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में बाहरी मजदूरों का पुलिस सत्यापन अभियान, 150 श्रमिकों की जांच, 130 संदिग्धों से पूछताछ

जांजगीर-चांपा,06 अगस्त 2026। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस ने गुरुवार को थाना कोतवाली क्षेत्र में दूसरे राज्यों से आए मजदूरों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान करीब 150 मजदूरों के पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई, जबकि 130 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ और सत्यापन के लिए कंट्रोल रूम लाया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (आईपीएस) के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आकर रह रहे व्यक्तियों का सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यॉर्क, नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पांच अलग-अलग पुलिस टीमों के 50 जवानों ने थाना क्षेत्र के ग्राम बनारी, पुटपुरा, तिलई और धनवा में सघन जांच अभियान चलाया।

अभियान के दौरान इंडस्ट्रियल एरिया तथा रेलवे स्टेशन के आसपास कार्यरत पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से आए मजदूरों के पहचान संबंधी दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया गया। इसके अलावा किराये के मकानों में रह रहे 130 संदिग्ध व्यक्तियों को कंट्रोल रूम लाकर अलग-अलग पूछताछ की गई। उनकी पहचान सुनिश्चित करने और भविष्य में अपराध नियंत्रण में सहायता के उद्देश्य से उनके फिंगरप्रिंट भी लिए गए।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास रहने वाले बाहरी व्यक्तियों एवं किरायेदारों की जानकारी संबंधित थाना को उपलब्ध कराएं और पुलिस का सहयोग करें।