कोरबा,06 अगस्त 2026। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ वनांचल इलाकों में मलेरिया के बढ़ते प्रकोप के बीच विधायक फूलसिंह राठिया ने गुरुवार को प्रभावित गांवों का दौरा कर ग्रामीणों का हालचाल जाना। दुर्गम रास्तों और नालों को पार करते हुए उन्होंने करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर ग्राम लेमरू, नकिया, रपटा, खम्हूंन और खराखेत पहुंचकर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
ग्राम खम्हूंन और खराखेत तक पहुंचने के लिए विधायक को पगडंडी वाले रास्तों से गुजरना पड़ा तथा कई नालों को पार करना पड़ा। गांव पहुंचकर उन्होंने मलेरिया से प्रभावित लोगों से मुलाकात की, उनका हालचाल जाना और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों को मलेरिया से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक भी किया।
दौरे के दौरान विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रभावित क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच, आवश्यक दवाओं का वितरण तथा व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और उनके स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों ने विधायक के इस दौरे की सराहना करते हुए कहा कि दुर्गम रास्तों और नालों को पार कर गांव तक पहुंचना उनके प्रति जनप्रतिनिधि की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण) के अध्यक्ष मनोज चौहान, जिला महामंत्री प्रवीण ओगरे, जिला महामंत्री भूकेश्वर सिंह पैकरा, विधायक प्रतिनिधि बुधवान सिंह तंवर, मंडल अध्यक्ष लेमरू मोहर साय यादव, मंडल अध्यक्ष रामपुर दीनानाथ राठिया, बिसाहू पटेल, आत्माराम मन्नेवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

