Accident CG NEWS: बेकाबू कार का कहर, तीन बाइकों को मारी टक्कर; तीन लोग गंभीर, चालक वाहन छोड़कर फरार - vedantsamachar.in

Accident CG NEWS: बेकाबू कार का कहर, तीन बाइकों को मारी टक्कर; तीन लोग गंभीर, चालक वाहन छोड़कर फरार

अभनपुर। रायपुर-अभनपुर मुख्य मार्ग पर बुधवार को तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। उरला मोड़ के पास एक अनियंत्रित कार ने विपरीत दिशा से आ रही तीन बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार रायपुर की ओर बढ़ रही थी, जबकि तीनों बाइक अभनपुर की दिशा में आ रही थीं। उरला मोड़ के पास अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और उसने लगातार तीन बाइकों को टक्कर मार दी। जोरदार भिड़ंत के कारण बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोटें आईं।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायलों को अस्पताल पहुंचाने का इंतजाम किया। एक घायल को अभनपुर के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि दो अन्य को उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए निजी अस्पतालों में रेफर किया गया। चिकित्सकों के अनुसार तीनों घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे के तुरंत बाद कार चला रहा व्यक्ति मौके पर वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची, दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त किया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अब वाहन के आधार पर चालक की पहचान करने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

पुलिस का कहना है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। फरार चालक की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।