रायगढ़, 5 अगस्त 2026 (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और रात के समय वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने एक अभिनव सड़क सुरक्षा अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे स्थित पेड़ों पर Tree Marker रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं। यह पहल रात के अंधेरे में सड़क किनारे मौजूद पेड़ों को दूर से ही स्पष्ट दिखाई देने योग्य बनाएगी, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका काफी हद तक कम होगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी, एडिशनल एसपी (ट्रैफिक) पुष्पेन्द्र बघेल और ट्रैफिक डीएसपी उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस की विशेष टीमें जिलेभर में अभियान चला रही हैं। पुलिस ने पहले विभिन्न मार्गों का सर्वे कर ऐसे स्थानों की पहचान की, जहां सड़क किनारे खड़े पेड़ रात के समय दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। इसके बाद चिन्हित पेड़ों पर उच्च गुणवत्ता वाले रेडियम रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वाहन की हेडलाइट पड़ते ही ये रेडियम रिफ्लेक्टर दूर से चमकने लगते हैं, जिससे चालक पहले ही सतर्क हो जाता है और समय रहते वाहन की गति नियंत्रित कर सकता है। विशेष रूप से तेज रफ्तार और रात में सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए यह पहल काफी उपयोगी साबित होगी।

अभियान के तहत उर्दना-गेरवानी-लाखा मार्ग, पहाड़ मंदिर-बनोरा मार्ग तथा इंदिरा विहार-हमीरपुर मार्ग में सड़क किनारे स्थित चिन्हित पेड़ों पर Tree Marker रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए गए हैं। पुलिस ने बताया कि आने वाले दिनों में जिले के अन्य संवेदनशील और दुर्घटना संभावित मार्गों पर भी चरणबद्ध तरीके से यह कार्य जारी रहेगा।
रायगढ़ ट्रैफिक पुलिस ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे रात्रि में निर्धारित गति सीमा का पालन करें, अनावश्यक रूप से हाई बीम का उपयोग न करें, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। साथ ही सड़क संकेतकों और रिफ्लेक्टर मार्किंग का सम्मान करते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाएं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस केवल नियमों का पालन कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे नवाचार भी कर रही है जो सीधे लोगों की सुरक्षा से जुड़े हैं। उनका कहना है कि सड़क किनारे लगाए जा रहे Tree Marker रेडियम रिफ्लेक्टर वाहन चालकों को समय रहते सतर्क करेंगे और दुर्घटनाओं की संभावना को कम करेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।
यह अभिनव पहल सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में रायगढ़ पुलिस का एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है, जिससे विशेष रूप से रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।

