कोरबा, 02 अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले के पथरीपारा इलाके में रविवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। एक विषैला नाग सांप घर में घुस गया। घर के भीतर जाने से पहले उसने बाहर पिंजरे में बंद पालतू तोते को डस लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद नाग सीधे घर के पूजा कक्ष में पहुंचा और भगवान की मूर्तियों के बीच फन फैलाकर कुंडली मारकर बैठ गया। सावन माह में हुई इस घटना ने पूरे इलाके में कौतूहल और चर्चा का माहौल बना दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना पथरीपारा निवासी छोटू कुमार के घर की है। रविवार दोपहर परिवार के लोगों ने घर के बाहर रखे पिंजरे से पालतू तोते की तेज आवाज सुनी। जब वे बाहर पहुंचे तो देखा कि एक बड़ा नाग पिंजरे के भीतर मौजूद है। नाग के डसने से तोते की मौत हो चुकी थी। इसके बाद सांप पिंजरे से निकलकर घर के अंदर चला गया। घर में प्रवेश करने के बाद नाग पूजा कक्ष में पहुंच गया और भगवान की मूर्तियों के बीच फन फैलाकर बैठ गया। यह दृश्य देखकर परिवार के सदस्य घबरा गए। देखते ही देखते आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। सावन का महीना और नाग पंचमी नजदीक होने के कारण कई लोगों ने इस घटना को धार्मिक आस्था से जोड़ते हुए नाग के दर्शन किए और पूजा-अर्चना भी की। इस दौरान किसी ने भी सांप को नुकसान पहुंचाने की कोशिश नहीं की।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने रेप्टाइल केयर एंड रेस्क्यूअर सोसाइटी (RCRS) के अध्यक्ष अविनाश यादव को सूचना दी। अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे। तब तक नाग पूजा कक्ष से निकलकर घर के दूसरे कमरे में छिप गया था।
रेस्क्यू टीम ने पूरे घर की सावधानीपूर्वक तलाशी ली और सुरक्षित तरीके से कोबरा का सफल रेस्क्यू किया। अभियान के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि न तो किसी व्यक्ति को कोई नुकसान पहुंचे और न ही सांप को किसी प्रकार की चोट आए। रेस्क्यू पूरा होने के बाद परिवार और मोहल्ले के लोगों ने राहत की सांस ली।

इस अनोखी घटना की चर्चा पूरे इलाके में होती रही। बड़ी संख्या में लोग घर के बाहर जुट गए और घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं वन्यजीव विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की कि यदि किसी घर या परिसर में सांप दिखाई दे तो उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखें, उसे पकड़ने या छेड़ने की कोशिश न करें और तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें।

