रायपुर, 02 अगस्त (वेदांत समाचार)। सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। इसी अभियान के तहत शनिवार रात शहर के अलग-अलग चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया गया, जिसमें शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 27 चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 की रात सहायक पुलिस आयुक्त यातायात स्नेहिल साहू के नेतृत्व में शहर के 9 प्रमुख स्थानों पर जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान आधुनिक ब्रीथ एनालाइजर मशीनों से वाहन चालकों की जांच की गई। जांच में 14 कार, 9 पिकअप, 3 दोपहिया और 1 ट्रक चालक शराब के नशे में वाहन चलाते मिले। सभी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस ने बताया कि वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के कुल 3780 मामलों में कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और जिम्मेदार वाहन संचालन के लिए प्रेरित करने का प्रयास भी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शराब या नशे की हालत में वाहन चलाने से चालक की निर्णय लेने की क्षमता, प्रतिक्रिया समय और वाहन नियंत्रण प्रभावित होता है, जिससे सड़क हादसों की संभावना बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए यातायात पुलिस नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्ती बरत रही है।
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने नागरिकों से अपील की है कि शराब या किसी भी नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक परिवहन, टैक्सी या परिवार के किसी सदस्य की मदद लें। उन्होंने कहा कि सुरक्षित और दुर्घटनामुक्त रायपुर बनाने में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी अहम है। यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया है कि ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

