रायगढ़ में 16 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में भेजा गया जेल - vedantsamachar.in

रायगढ़ में 16 वर्षीय नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट में भेजा गया जेल

रायगढ़,02 अगस्त (वेदांत समाचार)। जिले में महिला एवं नाबालिग बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे अभियान ‘संवेदना’ के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कोतवाली पुलिस ने गुम हुई 16 वर्षीय नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद करते हुए उसे बहला-फुसलाकर ले जाने वाले 23 वर्षीय आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को नाबालिग बालिका घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन बालिका का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 408/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम ने बालिका की तलाश शुरू की। जांच के दौरान 1 अगस्त 2026 को पुलिस ने बालिका को केलो डेम के पास आरोपी विनय केरकेट्टा (23 वर्ष), निवासी कृष्णापुर, थाना कोतरारोड़, जिला रायगढ़ के साथ बरामद किया।

पूछताछ में बालिका ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसे विवाह का झांसा देकर अपने साथ मोटरसाइकिल से पत्थलगांव ले गया था और वहां अपने परिचितों के घर रखा। इस दौरान आरोपी द्वारा उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए जाने की बात सामने आई। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया।

पीड़िता के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87, 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 जोड़कर कार्रवाई की। आरोपी से पूछताछ में अपराध स्वीकार करने के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 13 AG 0302 और मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि महिला और बाल अपराधों से जुड़े मामलों में रायगढ़ पुलिस की प्राथमिकता पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि ऐसी शिकायतों पर पुलिस संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई कर अपराधियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है।

इस कार्रवाई में एडिशनल एसपी अनिल सोनी के मार्गदर्शन में नव पदस्थ थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक अमित तिवारी, उप निरीक्षक ऐनु देवांगन, प्रशिक्षु उप निरीक्षक प्रिया साहू, आरक्षक कोमल तिवारी, कमलेश यादव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।