अब 24 घंटे में पहुंचेगी स्पीड पोस्ट, देरी होने पर मिलेगा पूरा रिफंड; इंडिया पोस्ट ने बदले नियम - vedantsamachar.in

अब 24 घंटे में पहुंचेगी स्पीड पोस्ट, देरी होने पर मिलेगा पूरा रिफंड; इंडिया पोस्ट ने बदले नियम

नई दिल्ली। इंडिया पोस्ट ने अपनी स्पीड पोस्ट सेवा को और तेज और भरोसेमंद बनाने के लिए 1 अगस्त 2026 से कई बड़े बदलाव लागू किए हैं। नई व्यवस्था के तहत अब चुनिंदा शहरों के बीच 24 घंटे और 48 घंटे में डिलीवरी की गारंटी वाली सुविधा शुरू की गई है। खास बात यह है कि अगर तय समय सीमा में डिलीवरी नहीं होती है तो ग्राहक को पोस्टेज शुल्क का पूरा रिफंड दिया जाएगा।

नई 24 Speed Post और 24 Speed Post Parcel सेवा फिलहाल देश के छह बड़े शहरों के बीच शुरू की गई है। इसमें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद शामिल हैं। इन शहरों के बीच भेजे गए दस्तावेज और पार्सल को अगले दिन यानी D+1 में पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।

इसके अलावा 48 Speed Post सेवा के तहत ग्राहकों को दो दिन यानी D+2 में डिलीवरी की सुविधा मिलेगी। इंडिया पोस्ट की योजना है कि आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार टियर-1 और टियर-2 शहरों तक किया जाए।

नई व्यवस्था में इंडिया पोस्ट ने दस्तावेज और पार्सल की श्रेणी भी स्पष्ट कर दी है। दस्तावेज श्रेणी में आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, बैंक पासबुक, चेकबुक, बैंक स्टेटमेंट, क्रेडिट-डेबिट कार्ड और बीमा से जुड़े कागजात शामिल होंगे। इसके अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर 500 ग्राम तक के गैर-कमर्शियल राखी लिफाफे, छोटे पैकेट और ग्रीटिंग कार्ड भी दस्तावेज श्रेणी में रखे जाएंगे।

वहीं मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक सामान, कपड़े, रेडीमेड गारमेंट्स, गिफ्ट आइटम और अन्य भारी सामान को पार्सल श्रेणी में रखा गया है।

नई स्पीड पोस्ट सेवा के लिए शुल्क वजन, दूरी और सेवा के प्रकार के आधार पर तय किया गया है। 50 ग्राम तक के लोकल स्पीड पोस्ट के लिए 38 रुपये और अन्य शहरों के लिए 94 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। 51 से 250 ग्राम तक के लिए शुल्क 118 से 154 रुपये और 251 से 500 ग्राम तक के लिए 140 से 186 रुपये तक होगा। इन शुल्कों पर जीएसटी अलग से लागू होगा।

48 Speed Post सेवा का शुल्क 61 रुपये से 121 रुपये तक रखा गया है। वहीं अनुबंधित ग्राहकों के लिए 24 Speed Post का शुल्क 38 रुपये से 100 रुपये और 48 Speed Post का शुल्क 48 रुपये से 72 रुपये तक होगा।

24 घंटे वाली पार्सल सेवा में 500 ग्राम तक के पार्सल की शुरुआत 200 रुपये से होगी, जबकि 4.5 से 5 किलोग्राम तक के पार्सल का शुल्क दूरी के अनुसार अधिकतम 990 रुपये तक जा सकता है।

इंडिया पोस्ट ने इस नई सेवा में कई डिजिटल सुविधाएं भी जोड़ी हैं। ग्राहकों को OTP आधारित सुरक्षित डिलीवरी, रियल टाइम ट्रैकिंग, SMS अपडेट, प्राथमिकता के आधार पर एयर ट्रांसपोर्ट और सुरक्षित पैकिंग जैसी सुविधाएं मिलेंगी।

नई व्यवस्था के तहत राष्ट्रीय अवकाश को छोड़कर रविवार और अन्य छुट्टियों में भी डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध रहेगी। ग्राहक स्पीड पोस्ट सेवा से जुड़ी जानकारी के लिए इंडिया पोस्ट की हेल्पलाइन नंबर 1800 266 6868 पर संपर्क कर सकते हैं या नजदीकी डाकघर से जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।