कोरबा, 02 अगस्त (वेदांत समाचार)। प्राकृतिक संपदा के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन और आयुर्वेद के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से आयुर्वेद मनीषी आचार्य बालकृष्ण के जन्मदिवस के अवसर पर 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) को कोरबा में “जड़ी-बूटी दिवस” मनाया जाएगा। इस अवसर पर पतंजलि चिकित्सालय एवं श्री शिव औषधालय, महानदी कॉम्प्लेक्स, निहारिका रोड, कोरबा में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक औषधीय एवं जड़ी-बूटी पौधों का निशुल्क वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान केवल पौधों का वितरण ही नहीं किया जाएगा, बल्कि लोगों को विभिन्न औषधीय पौधों की पहचान, उनके औषधीय गुण, उपयोग की सही विधि तथा किन रोगों में उनका लाभकारी उपयोग किया जा सकता है, इसकी विस्तृत जानकारी भी दी जाएगी। इससे आमजन आयुर्वेदिक पौधों का सही तरीके से उपयोग कर अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकेंगे।
इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार से प्रशिक्षित एवं आजीवन सदस्य नाड़ीवैद्य डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा उपस्थित रहेंगे। वे कार्यक्रम में वितरित किए जाने वाले औषधीय पौधों के प्रयोग की विधि, उनके उपयोगी अंग, विभिन्न रोगों के अनुसार उनके अनुपान, औषधीय गुणों और स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।
डॉ. नागेन्द्र नारायण शर्मा ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर निशुल्क औषधीय पौधे प्राप्त करें तथा आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा से जुड़ी उपयोगी जानकारी का लाभ उठाएं। उनका कहना है कि औषधीय पौधों का संरक्षण और दैनिक जीवन में उनका उपयोग न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

