मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने माकड़ी क्षेत्र की पंचायतों का किया निरीक्षण
कोण्डागांव,01अगस्त (वेदांत समाचार) । मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अविनाश भोई ने जनपद पंचायत माकड़ी अंतर्गत ग्राम पंचायत तराईबेड़ा, देउरबाल, ओड़ारगांव एवं पीड़ापाल का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत संचालित निर्माण कार्यों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्यों में लापरवाही एवं अनियमितता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत तराईबेड़ा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों की प्रगति धीमी पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान एक हितग्राही ने शिकायत की कि पूर्व सरपंच लूदरो राम मौर्य द्वारा आवास निर्माण की राशि लेने के बावजूद निर्माण कार्य पूर्ण नहीं कराया गया। इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने मामले में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जिसके पश्चात हितग्राही द्वारा थाना नाथपुर में शिकायत दर्ज कराई गई।
इसी पंचायत में सामुदायिक शौचालय का निर्माण अधूरा पाए जाने तथा पंचायत सचिव के निरीक्षण के दौरान अनुपस्थित रहने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को सचिव का वेतन रोकने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम पंचायत ओड़ारगांव में उचित मूल्य की दुकान एवं सेग्रीगेशन शेड का निर्माण कार्य अपूर्ण मिलने पर संबंधित सचिव को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं ग्राम पंचायत देउरबाल में पंचायत भवन की साफ-सफाई संतोषजनक नहीं मिलने तथा सचिव के अनुपस्थित रहने पर भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत पीड़ापाल में सामुदायिक शौचालय, आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन कार्यों का भी जायजा लिया गया। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए तथा कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही एवं अनियमितता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

