नगरी महाविद्यालय को मिली 50 लाख की सौगात, मंत्री टंक राम वर्मा ने अतिरिक्त कक्ष का किया लोकार्पण - vedantsamachar.in

नगरी महाविद्यालय को मिली 50 लाख की सौगात, मंत्री टंक राम वर्मा ने अतिरिक्त कक्ष का किया लोकार्पण

उच्च शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती, विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर

रायपुर/नगरी, 31 जुलाई (वेदांत समाचार)। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और मजबूत अधोसंरचना को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है। इसी कड़ी में राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने वनांचल क्षेत्र नगरी को शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात दी। उन्होंने शासकीय सुखराम नागे महाविद्यालय नगरी में 50 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित अतिरिक्त कक्ष का लोकार्पण किया।

मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि शिक्षा किसी भी राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव होती है। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक सुविधाओं और मजबूत अधोसंरचना का विकास सरकार की प्राथमिकता है। नए अतिरिक्त कक्ष के निर्माण से विद्यार्थियों को अध्ययन, शोध, सेमिनार और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। आज के युवा ही भविष्य के राष्ट्र निर्माता हैं। बेहतर संसाधन और अनुकूल शैक्षणिक माहौल से विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और प्रतिभा का विकास होता है।

मंत्री वर्मा ने विद्यार्थियों को अनुशासन, मेहनत और नवाचार को अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सफलता के लिए निरंतर प्रयास और कड़ी मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री टंक राम वर्मा ने महाविद्यालय की वार्षिक साहित्यिक एवं शैक्षणिक पत्रिका ‘श्रेष्ठांश’ का विमोचन किया। इसके साथ ही परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और सभी से पौधे लगाने एवं उनके संरक्षण की अपील की।

इस अवसर पर मंत्री ने नगर पंचायत नगरी क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण आने वाली पीढ़ियों के लिए जरूरी है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायत नगरी अध्यक्ष, पूर्व विधायक पिंकी ध्रुव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राध्यापक, प्रशासनिक अधिकारी, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।