राज्यपाल रमेन डेका ने रायगढ़ में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण - vedantsamachar.in

राज्यपाल रमेन डेका ने रायगढ़ में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण

  • प्रकृति संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली को बताया सुरक्षित भविष्य की कुंजी, नागरिकों से पौधरोपण को जनआंदोलन बनाने की अपील

रायपुर, 31 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने रायगढ़ प्रवास के दौरान जिला कलेक्टोरेट परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को लेकर नागरिकों से सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल पर्यावरण बचाने का प्रयास नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और असंतुलित जीवनशैली जैसी चुनौतियां लगातार बढ़ रही हैं। इनसे निपटने के लिए हर व्यक्ति को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

उन्होंने कहा कि पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने स्तर पर पौधे लगाए और उनका संरक्षण करे तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।

राज्यपाल ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी प्रतीक है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी माता की स्मृति में या उनके सम्मान में एक पौधा जरूर लगाएं और उसके संरक्षण का संकल्प लें।

पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, रायगढ़ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।