जांजगीर-चांपा, 31 जुलाई (वेदांत समाचार)। पुलिस विभाग में लंबे समय तक अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले जिले के दो सहायक उप निरीक्षकों (ASI) को सेवानिवृत्ति के अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय जांजगीर के सभा कक्ष में आयोजित गरिमामय समारोह में नव पदस्थ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क ने दोनों अधिकारियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारियों में SDOP कार्यालय अकलतरा के बाद रक्षित केंद्र जांजगीर में पदस्थ एएसआई रामखिलावन साहू और थाना नवागढ़ में पदस्थ एएसआई संतोष केरकेट्टा शामिल हैं। दोनों अधिकारियों ने पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निभाईं।
विदाई समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैण्डन यार्क ने दोनों एएसआई को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण का दायित्व है। पुलिस कर्मियों की मेहनत, ईमानदारी और कर्तव्य भावना से ही कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहती है।
समारोह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सेवानिवृत्त हो रहे दोनों एएसआई के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके स्वस्थ, सुखद और सफल जीवन की कामना की।
इस अवसर पर डीएसपी मुख्यालय विजय पैकरा, सीएसपी जांजगीर योगिताबाली खापर्डे, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी, मुख्य लिपिक दिनेश शर्मा, रीडर-1 एएसआई अश्वनी राठौर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

