कोरबा, 31 जुलाई (वेदांत समाचार)। सजग कोरबा, सतर्क कोरबा अभियान के तहत सिविल लाइन रामपुर पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर अपराधों में फरार आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्टील का चाकू भी बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट, चोरी सहित कई गंभीर अपराध पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने और जिला बदर की कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, जिला पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना सिविल लाइन रामपुर पुलिस द्वारा गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने बताया कि अपराध क्रमांक 526/2026 के तहत दर्ज मामले में 7 जून 2026 की रात करीब 11:30 बजे बुधवारी स्थित गुटखा दुकान के सामने पुरानी रंजिश और विवाद को लेकर आरोपियों ने युवक का रास्ता रोक लिया था। इस दौरान गाली-गलौज और मारपीट करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग की गई। विरोध करने पर आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा ने हत्या करने की नीयत से युवक के पेट में चाकू से हमला कर दिया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था।
मामले में पुलिस ने लगातार पतासाजी, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी के बताए अनुसार घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का चाकू बरामद कर जब्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वहीं थाना सिविल लाइन रामपुर के अपराध क्रमांक 524/2026 में थार वाहन आगजनी मामले में भी पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस प्रकरण में पहले आरोपी दिव्य साहू को गिरफ्तार किया जा चुका था। विवेचना के दौरान फरार आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा घटना में शामिल एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पुलिस ने अभिरक्षा में लिया है।थार वाहन आगजनी मामले में अब तक कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आशु चुटैल उर्फ घोड़ा की आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए उसके खिलाफ सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। उसे गुंडा-बदमाश सूची में शामिल करने की प्रक्रिया जारी है, जबकि जिला बदर की कार्रवाई के लिए जिला दंडाधिकारी कोरबा के समक्ष प्रस्ताव भेजा गया है।
कोरबा पुलिस ने कहा है कि जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर तंत्र और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

