जांजगीर-चांपा, 31 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर जन्मेजय महोबे तथा समिति के सदस्य एवं पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय के निर्देशन में दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपायों को लागू किया जा रहा है।
इस अभियान के तहत जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में रोड मार्किंग एवं रिफ्लेक्टिव कैट आई लगाए गए हैं। जांजगीर क्षेत्र के पुटपुरा चौक, खोखरा चौक, सुकली, मुनूंद सहित चांपा क्षेत्र के हथनेवरा चौक में यह कार्य कराया गया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन में एनएच के सब इंजीनियर विजय साहू के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा से जुड़े इंजीनियरिंग सुधार कार्य किए गए। रोड मार्किंग और कैट आई लगाने से रात के समय तथा खराब मौसम में वाहन चालकों को सड़क की दिशा स्पष्ट दिखाई देगी, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम होने की उम्मीद है।

पुलिस विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा को लेकर लगातार विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क संरचना में सुधार के साथ ही आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाए जा रहे हैं, ताकि जिले में सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था विकसित हो सके।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाना, कम दृश्यता की स्थिति में वाहन चालकों को बेहतर मार्गदर्शन उपलब्ध कराना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना है। प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा भविष्य में भी सड़क सुरक्षा को लेकर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

