धमतरी, 13 अप्रैल (वेदांत समाचार) । जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशे का सामान, नकदी, कार और मोबाइल समेत करीब 2.29 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
पुलिस के अनुसार सिटी कोतवाली थाना टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धमतरी बस स्टैंड के पीछे एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार (क्रमांक CG-13-C-4422) में दो युवक अवैध मादक पदार्थ रखकर उसकी बिक्री के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 10.30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुआ, जिसकी कीमत लगभग 47 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा 12 हजार रुपये नकद, एक मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार, एक आईफोन 11, एक वीवो Y31 मोबाइल और अन्य सामग्री भी जब्त की गई। जब्त कुल संपत्ति का मूल्य करीब 2 लाख 29 हजार रुपये बताया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमर रजा (28 वर्ष) निवासी सदर बाजार धमतरी और मोहम्मद शोएब अख्तर (26 वर्ष) निवासी केला बाड़ी दुर्ग के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) और 29 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार, तस्करी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने असामाजिक तत्वों को चेतावनी दी है कि वे ऐसे अवैधानिक कार्यों से दूर रहें, अन्यथा उनके खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
