गांजे की खेती कर रहा आरोपित गिरफ्तार, 8 किलो गांजा जब्त

चंदेरा। विधानसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस द्वारा धरपकड़ का विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को लॉ एंड ऑर्डर मेंटेन करने की हिदायत दी है। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को नशे के सौदागरों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी कड़ी में पुलिस ने खेतों में लहलहाते हुए गांजा के पौधे जब्त करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। खेत से गांजे के कई पौधे जब्त भी हुए हैं। इनका वजन साढ़े आठ किलो से भी ज्यादा बताया गया है।

थाना प्रभारी अंकित दुबे ने बताया कि नुना गांव के पास स्थित पुलिया वाले खेत पर गांजा तस्कर ने सुनसान जगह पर काफी संख्या में गांजे के पौधे लगा रखे थे। आरोपित लाल सिंह पिता राम स्वरूप यादव लंबे समय से गांजे की तस्करी कर रहा था। आरोपित 15 दिन के भीतर गांजे के पौधों को काटकर नशा माफिया को गांजे की एक बड़ी खेप पहुंचाने की फिराक में था।

इसी बीच मुखबिर ने फोन पर गांजे की खेती की सूचना दी, वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व मे टीम गठित कर मौके पर दबिश दी, जहां पर झाड़ियों और दूसरे पौधों के बीच में गांजे के पौधे लगे थे। पुलिस ने इन्हें जब्त कर लिया है। मौके से आठ किलो से भी ज्यादा गांजा जब्त हुआ है। इसकी कीमत एक लाख रुपए से ज्यादा बताई जा रही है। आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

इस संबंध में एसपी रोहित काशवानी ने बताया कि थाना क्षेत्रों में अनैतिक गतिविधियों एवं नशे के सौदागरों को पकडऩे के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत चंदेरा थाना पुलिस टीम ने नुना पहुंचकर गांजे के साथ आरोपित को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है।