G20 Summit : Dinner में छाई साड़ी, देखिए जापान और मॉरिशस के प्रधानमंत्रियों की पत्नियों का लुक…

डेस्क । जापान के प्रधानमंत्री फुमियो किशिदा की पत्नी युको किशिदा से लेकर आईएमएफ प्रमुख क्रिस्टालिना जॉर्जीवा तक, कई शीर्ष विदेशी गणमान्य व्यक्तियों ने शनिवार रात राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित G-20 रात्रिभोज में पारंपरिक भारतीय परिधान पहने।

विशेष अवसर के लिए, सभी मेहमानों को सामान्य पोशाक पहनाई गई थी। कई लोगों ने भारतीय फैशन को विशेष तरीकों से अपनाने का विकल्प चुना। आईएमएफ प्रमुख जॉर्जीवा जी-20 डिनर के लिए दिल्ली के भारत मंडपम में बैंगनी रंग के एथनिक सूट में पहुंचीं, जिसके साथ उन्होंने सुनहरा दुपट्टा पहन रखा था। वह भारतीय पहनावे में वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं।

जापानी पीएम फुमियो किशिदा की पत्नी युको किशिदा ने हरे रंग की खूबसूरत साड़ी पहनी थी। उन्होंने अपने आउटफिट को पिंक ब्लाउज से कंप्लीट किया। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा की पत्नी त्शेपो मोत्सेपे ने इंडो-वेस्टर्न पोशाक पहनी। उन्होंने अपने बालों को जूड़े में बांधा और गजरा लगाया।

मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार काले बंदगला सूट में डिनर के लिए आए। उनकी पत्नी कोबिता जुगनॉथ साड़ी में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। बांग्लादेश की प्रधान मंत्री शेख हसीना ने मोती के हार के साथ साड़ी में नजर आईं। इसमें बांग्लादेशी झलक भी देखने को मिली।

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की पत्नी अक्षता मूर्ति ने अपने आधुनिक पहनावे में पारंपरिक छाप छोड़ी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को यहां शिखर सम्मेलन स्थल भारत मंडपम में G20 नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए आयोजित भव्य रात्रिभोज में उनका स्वागत किया। रात्रिभोज शुरू होने से पहले उन्होंने एक मंच पर अतिथियों का स्वागत किया, जिसकी पृष्ठभूमि में बिहार के नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नवाशेष और भारत की अध्यक्षता में जी20 की थीम- ‘वसुधैव कुटुम्बकम्- एक पृथ्वी, एक कुटुम्ब, एक भविष्य’ को दर्शाया गया। नालंदा विश्वविद्यालय के भग्नावशेष यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल हैं।

यह विश्वविद्यालय दुनिया के सबसे पुराने विश्वविद्यालयों में से एक था। राष्ट्रपति मुर्मू भारत मंडपम में जी20 नेताओं, अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के लिए औपचारिक रात्रिभोज की मेजबानी कर रही हैं। नवनिर्मित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र तथा इसके हरे-भरे ‘लॉन’ रात में रंगीन रोशनी से जगमगाते नजर आए तथा इसके फव्वारों और अत्याधुनिक इमारत केसामने रखी ‘नटराज’ की मूर्ति ने आयोजन स्थल पर भव्यता को और निखार दिया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुतारेस, भारतीय पारंपरिक पोशाक सलवार कुर्ता पहने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रबंध निदेशक एवं अध्यक्ष क्रिस्टालिना जॉर्जीवा, विश्व बैंक के अध्यक्ष अजय बंगा और उनकी पत्नी रितु बंगा तथा बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना प्रगति मैदान में नवनिर्मित कन्वेंशन सेंटर में सबसे पहले पहुंचने वालों में शामिल रहे। जी20 शिखर सम्मेलन शनिवार को भारत मंडपम में शुरू हुआ और यह रविवार को संपन्न होगा।