दीक्षा महिला समिति ने शुरू किया प्याऊ सेवा केंद्र, राहगीरों को मिलेगी राहत... - vedantsamachar.in

दीक्षा महिला समिति ने शुरू किया प्याऊ सेवा केंद्र, राहगीरों को मिलेगी राहत…

कोरबा, 13 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले के एसईसीएल खदान क्षेत्र गेवरा-दीपका में दीक्षा महिला समिति, दीपका इकाई द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए 13 अप्रैल को प्रगति नगर स्थित भारतीय स्टेट बैंक परिसर एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स परिसर में प्याऊ जल सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। इस पहल से क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं एवं राहगीरों को भीषण गर्मी के बीच शुद्ध पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।

यह पहल श्रद्धा महिला मंडल, एसईसीएल द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों से प्रेरित होकर की गई है। चयनित स्थलों पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग बैंकिंग एवं अन्य व्यावसायिक कार्यों के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में गर्मी के मौसम में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक था, जिसे ध्यान में रखते हुए समिति द्वारा यह व्यवस्था की गई है।

समिति ने केवल मानव सेवा तक ही अपनी पहल सीमित नहीं रखी, बल्कि भीषण गर्मी को देखते हुए पक्षियों के लिए पेड़ों पर मिट्टी के बर्तनों में पानी एवं दाना रखने की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही पशुओं के लिए भी एक स्थान पर जल की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को गुड़-चना, फल, जलजीरा, आम पना, गुलाब शरबत, लस्सी एवं नींबू पानी का वितरण किया गया, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।

इस अवसर पर दीक्षा महिला समिति की अध्यक्षा श्रीमती रंभा मिश्रा ने कहा कि “समिति का उद्देश्य केवल सामाजिक कार्य करना ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग तक राहत पहुंचाना है। भीषण गर्मी में राहगीरों को पानी के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए स्वच्छ, शीतल एवं निर्मल पेयजल की व्यवस्था हमारी प्राथमिकता है। आने वाले समय में भी समिति इसी तरह जनसेवा के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाती रहेगी।”

कार्यक्रम में समिति की सभी पदाधिकारी एवं सदस्यगण उपस्थित रहे और आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।