कोरबा ,25 जुलाई (वेदांत समाचार) । बारिश के मौसम में विभिन्न क्षेत्रों में कई प्रकार की समस्याएं खड़ी हो जाती है। जिले के कोरबा सब डिवीजन अंतर्गत ग्रामीण इलाके में इंडियन रेलवे कन्स्ट्रक्शन का रेलवे ट्रेक बिछाने का काम चल रहा है। इलाके में उसके द्वारा बनायी गई एक सडक़ बह गई। इसके नजीते आसपास की 20 एकड़ कृषि भूमि में पानी भर गया। वहीं डोंगाआमा-फत्तेगंज मार्ग पर आवागमन ठप्प हो गया। लोगों को अपने गंतव्यों को जाने के लिए वैकल्पिक रास्ते का सहारा लेना पड़ रहा है।
इस बारे में सूत्रों से जो जानकारी मिली है उसके अनुसार इरकॉन द्वारा कोरबा जिले में रेलवे ट्रेक बिछाने का काम लिया गया है। यह रेल कॉरीडोर का एक हिस्सा है। बताया गया कि इसका अधिकांश भाग ग्रामीण क्षेत्र से होकर जा रहा है। इरकॉन को इस काम के अंतर्गत क्षेत्र के लोगों को सुविधाएं भी देना है। जानकारी मिली कि रेलवे ट्रेक के निर्माण का काम वर्तमान में जारी है। संबंधित इलाके में लोगों को कनेक्टिविटी देने की जिम्मेदारी इरकॉन की है। इसके हिसाब से उसने सर्विस रोड तैयार की थी। बारिश के दौर में हाल में ही यह सडक़ बह गई। बड़ा हिस्सा बारिश की भेंट चढऩे के साथ बर्बाद हो गया। चित्रों में यह साफ नजर आ रहा है।
बताया गया कि अतिवृष्टि से कटी हुई सडक़ के रास्ते से पानी की बड़ी मात्रा आसपास के किसानों के खेतों तक पहुंच गई। इससे 20 एकड़ की कृषि भूमि बरसाती पानी से लबालब हो गई। उसके चलते खरीफ सीजन के लिए किसानों ने जो तैयारी की थी, उस पर बट्टा लग गया। इस घटनाक्रम से किसानों के साथ ग्रामीण दोनों ही परेशान है। दूसरी तरफ डोंगाआमा-फत्तेगंज मार्ग के कटाव होने के कारण आवागमन बाधित हो गया है। लोगों ने कहा कि इस मार्ग के आसपास के हजारों की आबादी निवास करती है। अलग-अलग कार्यों से विद्यार्थियों सहित आम लोगों का आना-जाना हर दिन होता है। मौजूदा हालत में उनके सामने चुनौतियां पेश आयी है। तरूण छत्तीसगढ़ ने इस मसले को लेकर इरकॉन के साईड इंचार्ज एसपी सिंह से फोन पर बातचीत की तो कहा गया कि ऐसा कोई मसला उनकी जानकारी में नहीं है।

