रायगढ़, 23 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। रायगढ़ जिले की चक्रधरनगर पुलिस ने कोतरलिया मेन रोड पर हुई मोबाइल झपटमारी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी आपस में चाचा-भतीजा हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-22 पक्की खोली निवासी लोकेश कुमार चन्द्रा ने 31 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 30 मई की सुबह करीब 10:30 बजे वह अपनी स्कूटी से कोटमार स्थित इंडस एनर्जी कंपनी ड्यूटी के लिए जा रहे थे।
डीपीएस स्कूल के पास ग्राम कोतरलिया मेन रोड पर उनकी स्कूटी खराब हो गई। वह सड़क किनारे खड़े होकर मिस्त्री का इंतजार कर रहे थे, तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक अचानक पहुंचे और उनके पास रखे दो मोबाइल फोन झपटकर उन्हें धक्का देते हुए मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर चक्रधरनगर थाना में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने साइबर थाना की तकनीकी सहायता ली, जिसके आधार पर संदिग्धों की पहचान हुई। पुलिस ने दिनेश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने भतीजे शुभम यादव के साथ मिलकर झपटमारी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद भागते समय लूटा गया सैमसंग मोबाइल सड़क पर गिरकर क्षतिग्रस्त हो गया था, जिसे बाद में जामगांव रेलवे ट्रैक के पास गुजर रही मालगाड़ी के डिब्बे में फेंक दिया गया। वहीं दूसरा वीवो मोबाइल उसने अपने पास छिपाकर रखा था।
पुलिस ने दिनेश यादव के कब्जे से लूटा गया वीवो मोबाइल और शुभम यादव के कब्जे से बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद कर जब्त कर ली। दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक संजय तिवारी, प्रधान आरक्षक दिलीप भानु और आरक्षक चंद्र कुमार बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिनेश यादव (34 वर्ष) और शुभम यादव (18 वर्ष) के रूप में हुई है, जो रायगढ़ के छातामुड़ा रोड क्षेत्र के निवासी हैं।
इस कार्रवाई पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ में लूट और झपटमारी जैसे अपराध करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। पुलिस ह्यूमन इंटेलिजेंस, तकनीकी जांच और सतत विवेचना के माध्यम से ऐसे अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करती रहेगी। आम नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

