डिजिटल हुआ कोरबा प्रेस क्लब का शपथ ग्रहण: अब एक क्लिक पर घर बैठे YouTube पर देखें पूरा भव्य समारोह... - vedantsamachar.in

डिजिटल हुआ कोरबा प्रेस क्लब का शपथ ग्रहण: अब एक क्लिक पर घर बैठे YouTube पर देखें पूरा भव्य समारोह…

0 यूट्यूब पर ‘Korba Press Club’ सर्च देख सकेंगे लाइव प्रसारण

​कोरबा, 23 जुलाई (वेदांत समाचार)। औद्योगिक नगरी कोरबा के मीडिया जगत का बहुप्रतीक्षित क्षण आज आ चुका है। कोरबा प्रेस क्लब की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी (कार्यकाल 2026-28) का भव्य पद एवं गोपनीयता शपथ ग्रहण समारोह आज 23 जुलाई को दोपहर 12:00 बजे से रामपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में आयोजित किया जा रहा है।


​यदि आप बारिश, व्यस्तता या अन्य किसी कारणवश पंडित जवाहरलाल नेहरू सभागार में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित नहीं हो पा रहे हैं, तो चिंता की कोई बात नहीं है! कोरबा प्रेस क्लब ने इस बार विशेष पहल करते हुए पूरे कार्यक्रम को डिजिटल और हाई-टेक बना दिया है।


कोरबा प्रेस क्लब द्वारा इस ऐतिहासिक पल को हर नागरिक, वरिष्ठ पत्रकार और समर्थकों तक पहुँचाने के लिए आधिकारिक यूट्यूब (YouTube) चैनल पर लाइव स्ट्रीमिंग की शानदार व्यवस्था की गई है।आज दोपहर 12:00 बजे से यूट्यूब पर ‘Korba Press Club’ सर्च करें और सीधे मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री अरुण साव के हाथों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण के ऐतिहासिक पलों के साक्षी बनें। ​समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री अरुण साव होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन करेंगे। ​इसके साथ ही भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुश्री सरोज पाण्डेय, पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल, कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष पवन सिंह और नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर जैसी प्रमुख हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।