कोरबा, 22 जुलाई (वेदांत समाचार)। कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) ने संगठन में अनुशासन, एकता और संगठनात्मक मजबूती बनाए रखने के उद्देश्य से गेवरा, दीपका और एसईसीएल की विभिन्न इकाइयों से संबंधित सात समितियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। इसके साथ ही संगठन के सुचारु संचालन के लिए एक अंतरिम समिति का भी गठन किया गया है।
संगठन के महामंत्री नाथूलाल पांडेय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कुछ पदाधिकारियों की गतिविधियां संगठन की एकता, अनुशासन और संगठनात्मक हितों के प्रतिकूल पाई गईं। इससे संगठन की कार्यप्रणाली प्रभावित होने की स्थिति बनी। इसी आधार पर संगठन के संविधान की धारा 23(थ) के तहत यह कार्रवाई की गई है।
जिन समितियों को तत्काल प्रभाव से भंग किया गया है, उनमें गेवरा क्षेत्रीय समिति, दीपका क्षेत्रीय समिति, सीएचपी/एसईसीएल गेवरा क्षेत्रीय समिति, गेवरा परियोजना शाखा समिति, गेवरा क्षेत्र शाखा समिति, दीपका परियोजना शाखा समिति तथा दीपका क्षेत्र शाखा समिति शामिल हैं।
आदेश के अनुसार, भंग की गई समितियों के सभी पूर्व पदाधिकारियों के प्रशासनिक, वित्तीय और बैंकिंग संबंधी अधिकार तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिए गए हैं। अब कोई भी पूर्व पदाधिकारी संगठन के बैंक खातों का संचालन, चेक जारी करने, ऑनलाइन बैंकिंग अथवा किसी भी प्रकार के वित्तीय लेन-देन का अधिकार नहीं रखेगा। आदेश के बाद यदि कोई वित्तीय लेन-देन किया जाता है तो उसे पूरी तरह अनधिकृत माना जाएगा और उसकी व्यक्तिगत एवं कानूनी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।
संगठन ने अंतरिम समिति के गठन की भी घोषणा की है। केदारनाथ अग्रवाल (कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रभारी, कोरबा संभाग) को समिति का संयोजक बनाया गया है। समिति में गिरिजा साहू, सुरेंद्र मिश्रा, अशोक साहू, शिव कुमार, राजेश सिंह, आर.एस. तिवारी, दीपक कुमार दुबे, वीरेंद्र कुमार राठौर, अनुराग बेहरा, बसंत कुमार साहू, मिथुलाल साहू, नंद कुमार राठौर तथा श्यामता साहू को सदस्य बनाया गया है।
नवगठित अंतरिम समिति संबंधित क्षेत्रों और परियोजनाओं की संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा करेगी तथा आवश्यक विचार-विमर्श के बाद नई तदर्थ समितियों के गठन के लिए नामों की अनुशंसा करेगी। नियमित चुनाव होने तक यही अंतरिम समिति संगठन का कार्यभार संभालेगी।

