रायपुर, 12 अप्रैल (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुप्रसिद्ध गायिका आशा भोसले के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि पद्म विभूषण से सम्मानित आशा भोसले जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आशा भोसले ने अपनी मधुर, विलक्षण और हृदयस्पर्शी आवाज़ से दशकों तक भारतीय संगीत को समृद्ध किया। उनके गीतों ने न केवल देश बल्कि दुनिया भर के करोड़ों लोगों के दिलों में खास जगह बनाई। उनका योगदान भारतीय संगीत जगत के लिए अमूल्य है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा।
सीएम साय ने आगे कहा कि आशा भोसले का यह अद्वितीय योगदान युगों-युगों तक अमर रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करता रहेगा। उनके गीतों की मिठास और विविधता उन्हें हमेशा संगीत प्रेमियों के दिलों में जीवित रखेगी।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि माँ वीणापाणि सरस्वती दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों सहित उनके असंख्य प्रशंसकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
