कांकेर, 12 अप्रैल (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में शनिवार रात गांजा तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां रायपुर-विशाखापट्टनम इकोनॉमिक कॉरिडोर (भारतमाला मार्ग) पर तस्करों की एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद कार में सवार आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने वाहन से भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है। यह घटना नरहरपुर थाना क्षेत्र के दुधावा पुलिस चौकी इलाके की है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना पहले ही मिल चुकी थी। सूचना के आधार पर नरहरपुर पुलिस टीम ने संदिग्ध कार का पीछा शुरू किया।
इसी दौरान तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण कार दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के तुरंत बाद कार में सवार तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें से लगभग 50 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि कार में दो अलग-अलग राज्यों के नंबर प्लेट लगे हुए थे, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि यह एक संगठित अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क का हिस्सा हो सकता है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है। घटना के बाद इलाके में पुलिस ने सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है और संभावित रूटों पर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, भारतमाला मार्ग का उपयोग अक्सर तस्करी के लिए किया जा रहा है, जिस पर अब निगरानी और सख्त की जाएगी। इस मामले में तकनीकी जांच के साथ-साथ स्थानीय सूचना तंत्र को भी सक्रिय किया गया है। इस कार्रवाई को पुलिस के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, हालांकि आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
