मुंबई। सन नियो के लोकप्रिय शो ‘थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान’ में वैदेही का किरदार निभा रहीं अभिनेत्री आरती बिराजदार ने शो के सेट से जुड़ा एक ऐसा अनुभव साझा किया है, जिसने टीमवर्क और आपसी सम्मान की खूबसूरत मिसाल पेश की है। उन्होंने बताया कि अलग-अलग राज्यों और भाषाओं से आने वाले कलाकारों और तकनीशियनों ने कभी भाषा को अपने बीच की दूरी नहीं बनने दिया। यही वजह है कि पूरे सेट पर एक परिवार जैसा माहौल देखने को मिलता है
आरती बिराजदार ने बताया कि वर्तमान में शो की शूटिंग महाराष्ट्र के कोल्हापुर में हो रही है। सेट पर मुंबई, कोल्हापुर और महाराष्ट्र के अन्य शहरों से जुड़े कलाकार और तकनीशियन एक साथ काम कर रहे हैं। अलग-अलग भाषाई पृष्ठभूमि होने के बावजूद सभी एक-दूसरे की भाषा और संस्कृति को समझने का प्रयास करते हैं।
उन्होंने कहा कि मुंबई से आए कई कलाकार और क्रू मेंबर रोज नए-नए मराठी शब्द सीखते हैं और उन्हें सेट पर बोलने की कोशिश भी करते हैं। उनके अनुसार, यह केवल भाषा सीखने की कोशिश नहीं बल्कि एक-दूसरे के प्रति सम्मान और अपनापन दिखाने का तरीका है। यही भावना पूरे शूटिंग माहौल को सकारात्मक और आत्मीय बनाती है।
आरती ने कहा कि वह स्वयं एक मराठी परिवार से आती हैं, लेकिन शो में हिंदी बोलने वाले किरदार वैदेही की भूमिका निभा रही हैं। इस दौरान पूरी टीम ने उनका हर कदम पर सहयोग किया। उन्होंने कहा कि चाहे कोई कलाकार मुंबई से हो या कोल्हापुर से, सभी का लक्ष्य एक ही है—बेहतरीन कंटेंट दर्शकों तक पहुंचाना। इसी सोच ने पूरी टीम को एक मजबूत परिवार में बदल दिया है।
अभिनेत्री का मानना है कि किसी भी रचनात्मक कार्य में भाषा कभी बाधा नहीं बननी चाहिए। यदि टीम में सीखने की इच्छा, आपसी सहयोग और सम्मान की भावना हो तो हर चुनौती आसान हो जाती है। उन्होंने कहा कि उनके लिए सबसे खुशी की बात यही है कि सेट पर किसी ने भी भाषा को अलगाव का कारण नहीं बनने दिया।
गौरतलब है कि ‘थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान’ एक साधारण लड़की की प्रेरणादायक कहानी है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने का साहस जुटाती है। यह शो दर्शकों को यह संदेश देता है कि हिम्मत, मेहनत और आत्मविश्वास के दम पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
यह पारिवारिक और प्रेरणादायक शो हर सोमवार से शनिवार शाम 7:30 बजे केवल सन नियो पर प्रसारित किया जाता है। अपनी कहानी के साथ-साथ कलाकारों के बीच की आत्मीयता और टीम भावना भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही है।

