कोरबा,17 जुलाई (वेदांत समाचार)। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन कोरबा द्वारा 18 जुलाई (शनिवार) को “रन फॉर ग्रीन” मैराथन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत होगा, जिसमें मैराथन के साथ वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 7 बजे ओपन थिएटर, घंटाघर, कोरबा से होगा।
जिला प्रशासन के अनुसार इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना, अधिक से अधिक नागरिकों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना और स्वच्छ एवं हरित कोरबा के निर्माण में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। मैराथन के समापन के बाद प्रतिभागी सामूहिक रूप से पौधरोपण करेंगे तथा स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देंगे।
इस आयोजन का विशेष आकर्षण भारतीय महिला फुटबॉल टीम की खिलाड़ी एवं खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में छत्तीसगढ़ की विजेता टीम की कप्तान किरण पिस्दा होंगी। वह कार्यक्रम में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करेंगी और युवाओं को खेल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रेरित करेंगी।
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 50 हजार रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी, खिलाड़ी, सामाजिक संगठन और पर्यावरण प्रेमी शामिल होंगे।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर संजू देवी राजपूत करेंगी। वहीं सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
जिला प्रशासन ने जिले के सभी नागरिकों, युवाओं, विद्यार्थियों, खेल प्रेमियों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस आयोजन में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जनआंदोलन बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं। प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता से ही हरित, स्वच्छ और स्वस्थ कोरबा के लक्ष्य को साकार किया जा सकता है।

