हनुमान जयंती पर कोरबा में गूंजे जयकारे, मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब

कोरबा, 03 अप्रैल (वेदांत समाचार)। हनुमान जयंती के पावन अवसर पर पूरे जिले में भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत माहौल देखने को मिला। “जय सियाराम” और “जय हनुमान” के जयघोषों से शहर के सभी हनुमान मंदिर गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

शहर के सुभाष ब्लॉक स्थित प्रसिद्ध दक्षिणमुखी पंचमुखी हनुमान मंदिर में विशेष आयोजन किया गया। यहां सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जो देर रात तक दर्शन के लिए पहुंचती रही। दोपहर 12 बजे केक काटकर भगवान संकटमोचन हनुमान जी का जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान संगीतमय भजन-कीर्तन, आरती और स्तुति से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

कड़ी धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। पूरे दिन मंदिर में दर्शन और पूजा का सिलसिला जारी रहा। वातावरण भक्ति और आस्था से सराबोर रहा

इसी तरह शहर के कोसाबाड़ी चौक स्थित सिद्ध श्री हनुमान मंदिर, राम-जानकी मंदिर परिसर, आरपी नगर स्थित सिद्धेश्वर हनुमान मंदिर सहित जिले के कुदुरमाल, कटघोरा के चकचकवा पहाड़ और गजरा के प्रसिद्ध हनुमान मंदिरों में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

लगभग सभी मंदिरों में हनुमान चालीसा पाठ, सुंदरकांड, महाआरती और भोग-भंडारे का आयोजन किया गया। भक्तों ने भगवान हनुमान से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।