कोरबा, 05 जुलाई (वेदांत समाचार)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा नो एंट्री नियमों का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में यातायात पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों पर नियमित जांच की जा रही है, जिससे प्रतिबंधित समय में भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
यातायात विभाग के अनुसार 1 जनवरी से 3 जुलाई तक नो एंट्री का उल्लंघन करने वाले 63 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी। शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान में 10 और प्रकरण दर्ज किए गए। इस प्रकार वर्ष 2026 में अब तक कुल 73 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की जा चुकी है।
इन सभी प्रकरणों में अब तक कुल 1 लाख 82 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है। यातायात पुलिस का कहना है कि यह अभियान केवल चालान काटने तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर में सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना इसका प्रमुख उद्देश्य है।
नो एंट्री उल्लंघन के विरुद्ध कार्रवाई शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर की जा रही है। विशेष रूप से सीतामणी, पुराना बस स्टैंड, सेंट्रल वर्कशॉप, मुदापार रोड और महाराणा प्रताप चौक जैसे व्यस्त क्षेत्रों में यातायात पुलिस की टीम लगातार निगरानी रख रही है। प्रतिबंधित समय में प्रवेश करने वाले ट्रक, हाइवा और अन्य भारी वाहनों को रोककर मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है
यातायात विभाग के एएसआई मनोज राठौर ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशानुसार शहर में यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी से 3 जुलाई तक 63 मामलों में कार्रवाई की गई थी, जबकि आज 10 और प्रकरण दर्ज किए गए हैं। इस प्रकार कुल 73 मामलों में कार्रवाई करते हुए 1 लाख 82 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
उन्होंने बताया कि शहर के व्यस्त इलाकों में भारी वाहनों की अनियंत्रित आवाजाही से जाम और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। इसी को देखते हुए नो एंट्री नियमों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बिना किसी रियायत के कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने सभी भारी वाहन चालकों से अपील की है कि वे शहर में प्रवेश करने से पहले नो एंट्री के निर्धारित समय और मार्गों की जानकारी अवश्य लें तथा यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस का मानना है कि नागरिकों के सहयोग से ही शहर की यातायात व्यवस्था को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाया जा सकता है।

