रायपुर, 05 जुलाई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर सरकारी दस्तावेज तैयार करने के मामले में आजाद चौक थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक च्वॉइस सेंटर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का दुरुपयोग कर जन्म प्रमाण-पत्र, मृत्यु प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड सहित नगर निगम से जुड़े विभिन्न दस्तावेज तैयार कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लैपटॉप, कलर प्रिंटर और लैमिनेशन मशीन भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, मामले की शिकायत शहीद चूड़ामणि नायक वार्ड क्रमांक-37 के निर्वाचित पार्षद दीपक जायसवाल ने थाना आजाद चौक में दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके नाम से जारी आधिकारिक लेटरहेड और हस्ताक्षर का फर्जी तरीके से उपयोग कर मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर में विभिन्न सरकारी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। इससे न केवल उनकी छवि प्रभावित हो रही थी, बल्कि सरकारी दस्तावेजों के जरिए धोखाधड़ी भी की जा रही थी।
शिकायत के आधार पर थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 142/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 336(3), 340(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता से विस्तृत पूछताछ कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मंगल बाजार स्थित आर्यन च्वॉइस सेंटर पर दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान सेंटर में मौजूद संचालक विपीन केशरी से पूछताछ की गई। पुलिस द्वारा दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के संबंध में कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने पार्षद के लेटरहेड और हस्ताक्षर का अनधिकृत एवं फर्जी तरीके से उपयोग कर विभिन्न दस्तावेज तैयार करने की बात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने आरोपी विपीन केशरी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया एक लैपटॉप, एक कलर प्रिंटर और एक लैमिनेशन मशीन जब्त की गई। जब्त उपकरणों की जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने अब तक कितने फर्जी दस्तावेज तैयार किए और इस पूरे फर्जीवाड़े में अन्य लोगों की संलिप्तता तो नहीं है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विपीन केशरी (38 वर्ष) पिता राकेश चंद्र केशरी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के कटरा बाजार क्षेत्र का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र स्थित अश्वनी नगर में रह रहा था। वह मंगल बाजार में आर्यन च्वॉइस सेंटर का संचालन कर रहा था।
रायपुर पुलिस ने बताया कि सरकारी दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा और जनप्रतिनिधियों के लेटरहेड एवं हस्ताक्षर के दुरुपयोग जैसे मामलों में आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी द्वारा तैयार किए गए फर्जी दस्तावेजों का उपयोग किन-किन मामलों में किया गया है।

