करही में 15.4 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार, बिर्रा पुलिस की बड़ी कार्रवाई - vedantsamachar.in

करही में 15.4 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार, बिर्रा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जांजगीर-चांपा, 16 जुलाई ((वेदांत समाचार)। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस लगातार अभियान चला रही है। इसी कड़ी में बिर्रा थाना पुलिस ने करही क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 15.4 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत थाना बिर्रा पुलिस को सूचना मिली थी कि करही निवासी एक महिला अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब का संग्रहण और बिक्री कर रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दबिश दी।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने नागेश्वरी बंजारे (38 वर्ष), निवासी करही, थाना बिर्रा, जिला शक्ति के कब्जे से कुल 15.4 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। बरामद शराब को जब्त करते हुए पुलिस ने महिला को मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद महिला को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बिर्रा राजीव श्रीवास्तव, पुलिस सहायता केंद्र करही प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक राम प्रसाद बघेल, प्रधान आरक्षक अनिल हंसराज एवं वीरेंद्र टंडन, आरक्षक सत्य प्रकाश भारद्वाज तथा महिला आरक्षक रितु लहरे सहित थाना बिर्रा और पुलिस सहायता केंद्र करही के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।