बिलासपुर, 16 जुलाई (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहन ने कंपनी के सभी क्षेत्रों के एरिया मेडिकल अधिकारियों के साथ आयोजित समन्वय बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को बेहतर, आधुनिक और प्रभावी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान SECL के सभी क्षेत्रों में हेल्थकेयर मैनेजमेंट सिस्टम को मजबूत करने, ऑक्यूपेशनल हेल्थ सेंटरों को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों एवं बेहतर आधारभूत सुविधाओं से लैस करने, व्यावसायिक स्वास्थ्य संबंधी वैधानिक प्रावधानों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा चिकित्सा सेवाओं की गुणवत्ता, पहुंच और कार्यक्षमता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही संगठन में व्यावसायिक स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए चल रही विभिन्न पहलों के समयबद्ध क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।
CMD हरीश दुहन ने कहा कि SECL अपने कर्मचारियों और उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि कंपनी चिकित्सा अवसंरचना के आधुनिकीकरण और स्वास्थ्य सेवाओं के निरंतर उन्नयन के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी ही सुरक्षित, उत्पादक और उच्च प्रदर्शन करने वाले संगठन की सबसे मजबूत नींव होते हैं। इसलिए चिकित्सा सेवाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और आधुनिक तकनीक का समावेश समय की आवश्यकता है।
CMD ने सभी एरिया मेडिकल अधिकारियों से समर्पण, पेशेवर दक्षता और नवाचार के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि उनकी भूमिका कर्मचारियों के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ-साथ संगठन की उत्पादकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को व्यावसायिक स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को लगातार बेहतर बनाने और स्वस्थ एवं सशक्त कार्यबल के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
बैठक में SECL के मुख्य चिकित्सा सेवा प्रमुख (Chief of Medical Services) डॉ. श्रुतिदेव मिश्रा सहित कंपनी के सभी परिचालन क्षेत्रों के एरिया मेडिकल अधिकारी उपस्थित रहे।

