रायपुर, 16 जुलाई (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस ने न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में एक सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए शातिर नकबजन पवन मंडल और विधि के साथ संघर्षरत तीन बालकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, गलाकर तैयार किया गया करीब 50 ग्राम सोना और नगदी सहित कुल 7.71 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, अमलीडीह स्थित बी.एस.यू.पी. कॉलोनी निवासी बिस्वम्बर महानंद ने न्यू राजेंद्र नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 23 जून 2026 को वह दोपहर करीब 12 बजे घर में ताला लगाकर पंडरी गया था। करीब दो घंटे बाद लौटने पर घर के पीछे का दरवाजा टूटा मिला और अंदर रखी आलमारी व उसके दोनों लॉकर तोड़कर अज्ञात चोर सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी कर ले गए थे। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(2) और 305 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के साथ मुखबिरों को सक्रिय किया। इसके अलावा चोरी के पुराने मामलों में संलिप्त आरोपियों की गतिविधियों की भी जांच की गई।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आदतन चोर पवन मंडल घटना के समय घटनास्थल के आसपास कुछ लड़कों के साथ संदिग्ध हालत में देखा गया था। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने विधि के साथ संघर्षरत तीन बालकों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पवन मंडल की निशानदेही पर पुलिस ने तीनों बालकों को भी पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए सोने के जेवरातों को गलाकर नया सोना तैयार कर लिया गया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 50 ग्राम गलाया हुआ सोना, चांदी के जेवरात और नगदी बरामद की, जिसकी कुल कीमत लगभग 7 लाख 71 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी पवन मंडल रायपुर का कुख्यात और आदतन चोर है। उसके खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में चोरी और नकबजनी के दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह पहले भी कई बार गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन मंडल (35 वर्ष), निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कचना, थाना खम्हारडीह, रायपुर के रूप में हुई है। उसके साथ इस मामले में विधि के साथ संघर्षरत तीन बालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
रायपुर पुलिस ने बताया कि एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से इस चोरी का सफल खुलासा हुआ है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपी गिरोह ने शहर में हुई अन्य चोरी की वारदातों में भी भूमिका निभाई है या नहीं।

