SECR ने द हितवाद की तथ्यपरक पत्रकारिता को किया सम्मानित, न्यूज एडिटर मुकेश एस. सिंह को मिला प्रशस्ति-पत्र - vedantsamachar.in

SECR ने द हितवाद की तथ्यपरक पत्रकारिता को किया सम्मानित, न्यूज एडिटर मुकेश एस. सिंह को मिला प्रशस्ति-पत्र

रायपुर, 15 जुलाई (वेदांत समाचार)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के रायपुर मंडल ने छत्तीसगढ़ के प्रतिष्ठित अंग्रेजी दैनिक द हितवाद (The Hitavada) की तथ्यपरक एवं जनहित केंद्रित पत्रकारिता की सराहना करते हुए उसके न्यूज एडिटर मुकेश एस. सिंह को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया है। यह सम्मान कचना-खमारडीह रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) परियोजना पर प्रकाशित उनकी विशेष और प्रमाणिक रिपोर्टिंग के लिए दिया गया।

यह प्रशस्ति-पत्र रायपुर मंडल के तत्कालीन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी द्वारा प्रदान किया गया। रेलवे प्रशासन की ओर से जारी प्रशस्ति-पत्र में उल्लेख किया गया है कि मुकेश एस. सिंह को उत्कृष्ट सेवा, तथ्यपरक पत्रकारिता और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी रिपोर्टिंग के लिए सम्मानित किया गया है। यह प्रमाण-पत्र 13 जुलाई 2026 को रायपुर में जारी किया गया।

दरअसल, 16 मई 2026 को द हितवाद में “Kachna-Khamardih RoB finally nears finish line” शीर्षक से प्रकाशित विशेष रिपोर्ट ने काफी ध्यान आकर्षित किया था। रिपोर्ट में वर्षों से लंबित कचना-खमारडीह रेलवे ओवर ब्रिज परियोजना की प्रगति, इसके लगभग 96 प्रतिशत पूर्ण होने, उपमुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री अरुण साव के निरीक्षण, निर्धारित समय-सीमा तथा कंपोजिट स्टील गर्डर लॉन्चिंग जैसे तकनीकी पहलुओं का विस्तार से उल्लेख किया गया था। रिपोर्ट में प्रकाशित सभी जानकारियां दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर मंडल द्वारा उपलब्ध कराए गए आधिकारिक तथ्यों पर आधारित थीं।

इस रिपोर्ट की विश्वसनीयता और तथ्यपरकता को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी इसे साझा किया और परियोजना की प्रगति पर आधारित प्रमाणिक कवरेज बताया। इसके बाद रेलवे ने औपचारिक रूप से द हितवाद और उसके न्यूज एडिटर की पत्रकारिता को सम्मानित किया।

इसी बीच सम्मान प्रदान करने वाले तत्कालीन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी का हाल ही में पदोन्नति के साथ स्थानांतरण हो गया है। उन्होंने अब उत्तर पूर्व रेलवे, गोरखपुर में चीफ फ्रेट ट्रांसपोर्ट मैनेजर (CFTM) का पदभार संभाल लिया है। रेलवे और पत्रकारिता जगत ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

इस सम्मान को द हितवाद की निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनहित केंद्रित पत्रकारिता की औपचारिक मान्यता माना जा रहा है। वर्तमान में निजी पारिवारिक कारणों से रायपुर से बाहर मौजूद न्यूज एडिटर मुकेश एस. सिंह ने दूरभाष पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि द हितवाद के पूरे संपादकीय दल की निष्पक्ष, विश्वसनीय और तथ्यपरक पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता का सम्मान है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी जनहित से जुड़े मुद्दों पर पूरी गंभीरता और प्रमाणिकता के साथ रिपोर्टिंग जारी रहेगी।

उल्लेखनीय है कि कचना-खमारडीह रेलवे ओवर ब्रिज परियोजना पर द हितवाद ने समय-समय पर आधिकारिक सूचनाओं और प्रमाणिक तथ्यों के आधार पर लगातार खबरें प्रकाशित कीं। रेलवे प्रशासन ने इन्हीं प्रयासों को सराहते हुए यह सम्मान प्रदान किया है।

करीब तीन दशकों के पत्रकारिता जीवन में मुकेश एस. सिंह ने आयकर विभाग, प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI), राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI), वस्तु एवं सेवा कर आसूचना महानिदेशालय (DGGI), राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) सहित कई वित्तीय एवं केंद्रीय जांच एजेंसियों से जुड़े मामलों पर खोजी और तथ्यपरक रिपोर्टिंग की है। इसके अलावा उन्होंने जनहित, सुशासन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी कई महत्वपूर्ण रिपोर्ट प्रकाशित की हैं।

राज्य-मान्यता प्राप्त पत्रकार मुकेश एस. सिंह को माननीय उपराष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया गया मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार (प्रिंट मीडिया–अंग्रेजी), डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सेवा सम्मान तथा डॉ. डी.पी. चौबे स्मृति पुरस्कार सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से सम्मानित किया जा चुका है। खोजी और तथ्यपरक पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका योगदान लंबे समय से उल्लेखनीय माना जाता है।