रायपुर में हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर गिरफ्तार, 3 चोरी की बाइक समेत 4 दोपहिया वाहन बरामद, 15 से अधिक मामलों का आरोपी निकला - vedantsamachar.in

रायपुर में हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर गिरफ्तार, 3 चोरी की बाइक समेत 4 दोपहिया वाहन बरामद, 15 से अधिक मामलों का आरोपी निकला

रायपुर, 14 जुलाई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में लगातार बढ़ रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर कार्रवाई करते हुए रायपुर पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना पंडरी पुलिस ने संयुक्त अभियान में एक हिस्ट्रीशीटर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की तीन दोपहिया वाहन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक बाइक समेत कुल चार वाहन बरामद किए गए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिषेक राय उर्फ जीतू (26 वर्ष) निवासी ग्राम अमसेना, थाना खरोरा, जिला रायपुर के रूप में हुई है। आरोपी थाना खरोरा का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ वाहन चोरी, चोरी तथा डकैती सहित 15 से अधिक आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं उसका भाई, जो इस गिरोह का दूसरा सदस्य है, फिलहाल फरार है और उसकी तलाश जारी है।

रायपुर पुलिस ने बताया कि पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की एक विशेष टीम का गठन किया गया है। टीम लगातार सीसीटीवी फुटेज की जांच, मुखबिरों को सक्रिय करने, तकनीकी विश्लेषण और नियमित पेट्रोलिंग के माध्यम से वाहन चोरों की तलाश कर रही है।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि थाना खरोरा का हिस्ट्रीशीटर अभिषेक राय उर्फ जीतू लगातार अलग-अलग दोपहिया वाहनों का उपयोग कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने विधानसभा क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे टीवीएस ड्रीम योगा मोटरसाइकिल (CG 04 MR 2024) के साथ पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी वाहन के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करता रहा। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई के साथ मिलकर थाना पंडरी क्षेत्र स्थित बालाजी अस्पताल की पार्किंग से उक्त बाइक चोरी की थी।

आरोपी ने यह भी खुलासा किया कि वह अपने भाई के साथ पल्सर मोटरसाइकिल (CG 04 NT 7546) से शहर के विभिन्न इलाकों में घूमकर पहले वाहनों की रेकी करता था और मौका मिलते ही दोपहिया वाहन चोरी कर लेता था। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी विधानसभा क्षेत्र सहित अन्य स्थानों से भी दो अन्य वाहन चोरी कर चुका था। चोरी के बाद वाहन की पहचान छिपाने के लिए आरोपी नंबर प्लेट बदल देता था, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की टीवीएस ड्रीम योगा, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और एक्टिवा स्कूटर के साथ वारदात में प्रयुक्त पल्सर बाइक भी जब्त कर ली। कुल चार वाहनों की कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अभिषेक राय उर्फ जीतू के खिलाफ रायपुर के विभिन्न थानों में वाहन चोरी और चोरी के 15 से अधिक मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह जिला दुर्ग के थाना अंडा में दर्ज एक बैंक डकैती मामले में भी जेल जा चुका है।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि उसे जल्द गिरफ्तार कर पूरे वाहन चोरी नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन पार्क करते समय सुरक्षा उपाय अपनाएं, पार्किंग में लॉकिंग सिस्टम का उपयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।