रायपुर में छात्राओं की सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोल का सख्त पहरा, स्कूल-कॉलेजों के बाहर नियमित गश्त; मनचलों पर पुलिस की कार्रवाई - vedantsamachar.in

रायपुर में छात्राओं की सुरक्षा के लिए पिंक पेट्रोल का सख्त पहरा, स्कूल-कॉलेजों के बाहर नियमित गश्त; मनचलों पर पुलिस की कार्रवाई

रायपुर, 14 जुलाई (वेदांत समाचार)। महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने पिंक पेट्रोल यूनिट के माध्यम से स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया है। शहर के सेंट्रल, नॉर्थ और वेस्ट तीनों जोन में पिंक पेट्रोल की टीमें प्रतिदिन स्कूल और कॉलेज खुलने तथा छुट्टी के समय नियमित गश्त कर रही हैं। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित और भयमुक्त शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे बिना किसी डर के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।

रायपुर पुलिस के अनुसार, पिंक पेट्रोल यूनिट की टीमें स्कूलों और कॉलेजों के परिसरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों पर भी लगातार नजर रख रही हैं। गश्त के दौरान ऐसे युवकों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है, जो बिना किसी कारण स्कूल या कॉलेज के बाहर खड़े होकर छात्राओं को असहज करते हैं, भीड़ लगाते हैं या संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए जाते हैं।

पुलिस ऐसे युवकों की पहचान कर उन्हें तत्काल वहां से हटाती है और भविष्य में विद्यालयों और महाविद्यालयों के आसपास अनावश्यक रूप से मौजूद नहीं रहने की सख्त चेतावनी देती है। कुछ मामलों में सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास कराने के लिए मनचलों से उठक-बैठक भी कराई गई और उन्हें दोबारा ऐसी हरकत न करने की हिदायत दी गई।

रायपुर पुलिस का कहना है कि पिंक पेट्रोल यूनिट की नियमित मौजूदगी का सकारात्मक असर अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। छात्र-छात्राओं में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है, वहीं स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना की है। विद्यालयों के आसपास पुलिस की नियमित गश्त से अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर पहले की तुलना में अधिक आश्वस्त महसूस कर रहे हैं।

पुलिस कमिश्नरेट का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के लिए सुरक्षित, भयमुक्त और अनुकूल वातावरण तैयार करना भी है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए पिंक पेट्रोल यूनिट नियमित पेट्रोलिंग के साथ जनजागरूकता अभियान भी चला रही है और आवश्यकता पड़ने पर वैधानिक कार्रवाई भी सुनिश्चित की जा रही है।

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि स्कूल, कॉलेज या अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि आमजन की सुरक्षा और विश्वास बनाए रखने के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।