कोरबा, 14 जुलाई 2026। जिले के बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड स्थित डेंगूनाला पुल के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दो युवतियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को डायल-112 की सहायता से तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कोयला से लदा ट्रेलर क्रमांक CG 12 BG 2932 और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 CB 2635 के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवतियों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। समाचार लिखे जाने तक मृतक युवतियों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी थी। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा ट्रेलर को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एकत्र हो गए। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया जा रहा है।


