श्रमिकों को वार्ड में मिली सुविधा, ई-केवाईसी शिविर में उमड़ी हितग्राहियों की भीड़ - vedantsamachar.in

श्रमिकों को वार्ड में मिली सुविधा, ई-केवाईसी शिविर में उमड़ी हितग्राहियों की भीड़

कोरबा। श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और बिना किसी परेशानी के मिल सके, इसके उद्देश्य से नगर निगम के वार्ड क्रमांक 16 स्थित पंप हाउस क्षेत्र में श्रमिक हितग्राही कार्ड ई-केवाईसी एवं दस्तावेज अद्यतन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में दिनभर बड़ी संख्या में श्रमिक पहुंचे और अपने हितग्राही कार्ड की ई-केवाईसी कराने के साथ आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन एवं अपडेट कराया। शिविर के सफल आयोजन से श्रमिकों को एक ही स्थान पर सभी जरूरी सेवाएं उपलब्ध हो सकीं।

ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए लगाए गए इस विशेष शिविर में सैकड़ों हितग्राहियों ने भाग लिया। कई श्रमिक ऐसे भी थे, जिनके कार्ड में तकनीकी त्रुटियां या दस्तावेज संबंधी कमियां थीं। शिविर में मौजूद कर्मचारियों ने उनका तत्काल निराकरण करते हुए आवश्यक दस्तावेज अपडेट किए। इससे हितग्राहियों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली और उनका समय व खर्च दोनों बचा।

शिविर के दौरान वार्ड पार्षद राम कुमार साहू, पार्षद अनुज श्रीवास, प्रजापति सुनीता साहू, खगेंद्र साहू, डोरी लाल केवट, शांति ठाकुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों ने शिविर का अवलोकन कर हितग्राहियों से चर्चा की और अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों से ई-केवाईसी कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रमिक हितग्राही कार्ड शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। यदि कार्ड का ई-केवाईसी और दस्तावेज समय पर अपडेट नहीं होंगे तो भविष्य में योजनाओं का लाभ मिलने में कठिनाई आ सकती है।

जनप्रतिनिधियों ने बताया कि शासन श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रहा है। इन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र श्रमिक तक पहुंचे, इसके लिए समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने श्रमिकों से अपील की कि वे अपने दस्तावेजों को अद्यतन रखने के साथ शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त करें।

स्थानीय नागरिकों ने भी वार्ड स्तर पर आयोजित इस शिविर की सराहना करते हुए कहा कि इससे लोगों को सुविधा मिली है। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने की मांग की, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।