कोरकोट्टी कांड की 17वीं बरसी: शहीद एसपी विनोद चौबे समेत 29 जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, रक्तदान शिविर का भी हुआ आयोजन - vedantsamachar.in

कोरकोट्टी कांड की 17वीं बरसी: शहीद एसपी विनोद चौबे समेत 29 जवानों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, रक्तदान शिविर का भी हुआ आयोजन

मोहला, 12 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के चर्चित कोरकोट्टी कांड की 17वीं बरसी पर रविवार को जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी सहित पूरे प्रदेश में शहीद श्रद्धांजलि दिवस मनाया गया। इस अवसर पर वर्ष 2009 में नक्सल हमले में शहीद हुए तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद चौबे सहित 29 वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस बल, आईटीबीपी के जवानों, जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने शहीदों को नमन किया।

12 जुलाई 2009 को तत्कालीन राजनांदगांव जिले के मानपुर सब डिवीजन अंतर्गत ग्राम कोरकोट्टी में नक्सलियों और पुलिस के बीच हुई भीषण मुठभेड़ ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। इस हमले में तत्कालीन एसपी विनोद चौबे सहित 29 पुलिस जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे, जबकि कई अन्य जवान घायल हुए थे। छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह घटना सबसे बड़े नक्सली हमलों में से एक मानी जाती है। इसी कारण हर वर्ष 12 जुलाई को कोरकोट्टी कांड के शहीदों की स्मृति में श्रद्धांजलि दिवस मनाया जाता है।

जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में इस वर्ष भी श्रद्धांजलि दिवस को विशेष रूप से मनाया गया। प्रशासन की ओर से आरक्षित केंद्र मोहला, मानपुर सबडिवीजन तथा सीतागांव थाना में आधिकारिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। आरक्षित केंद्र मोहला में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में शहीद एसपी विनोद चौबे सहित सभी 29 शहीद जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा गया और उनके सर्वोच्च बलिदान को याद किया गया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ सामाजिक सरोकार को जोड़ते हुए विशेष रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पुलिस जवानों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने रक्तदान किया। रक्तदाताओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निशुल्क हेलमेट भी वितरित किए गए।

क्षेत्र में श्रद्धांजलि दिवस केवल प्रशासनिक कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहा। स्थानीय ग्रामीणों ने भी अपने स्तर पर शहीदों की स्मृति में विभिन्न आयोजन किए। कई स्थानों पर शीतल पेयजल, शरबत एवं प्रसादी वितरण जैसे सेवा कार्य किए गए। देर शाम भी श्रद्धांजलि सभाओं और स्मरण कार्यक्रमों के आयोजन की जानकारी सामने आई।

मुख्य कार्यक्रम में जिला कलेक्टर तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह, आईटीबीपी 27वीं वाहिनी के द्वितीय कमान अधिकारी शरत त्रिपाठी, एसडीएम हेमेंद्र भुआर्य, इंस्पेक्टर अशोक शर्मा, पी.सी. पटेल, राजेंद्र दीवान, भुनेश्वर कश्यप, नेहा पवार सहित पुलिस एवं प्रशासन के अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा जिले के सभी थाना प्रभारी, पुलिस जवान, आईटीबीपी के अधिकारी एवं जवान, जनप्रतिनिधि नम्रता सिंह, संजय जैन, सुरजीत सिंह, मदन साहू, गजेन्द्र पुरामे, ग्राम सरपंच तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी कार्यक्रम में शामिल होकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि कोरकोट्टी कांड में शहीद हुए जवानों का सर्वोच्च बलिदान सदैव याद रखा जाएगा। उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा की भावना आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।