बिलासपुर, 09 जुलाई (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने उत्कृष्ट, सुरक्षित और उत्तरदायी खनन के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय द्वारा जारी प्रतिष्ठित स्टार रेटिंग में एसईसीएल की पांच खदानों को सर्वोच्च 5-स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि कंपनी के इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है, क्योंकि पहली बार एक ही मूल्यांकन वर्ष में एसईसीएल की पांच खदानों ने एक साथ यह सर्वोच्च रेटिंग हासिल की है।
5-स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाली खदानों में सोहागपुर क्षेत्र की बंगवार भूमिगत खदान और खैराहा भूमिगत खदान, जोहिला क्षेत्र की बेहराबांध भूमिगत खदान, हसदेव क्षेत्र की विजय वेस्ट भूमिगत खदान तथा भटगांव क्षेत्र की जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना शामिल हैं।कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली देश की कोयला एवं लिग्नाइट खदानों के प्रदर्शन का व्यापक मूल्यांकन करती है।
इस मूल्यांकन में सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन, पर्यावरण संरक्षण, भूमि पुनर्वास, आधुनिक तकनीकों का उपयोग, श्रमिक सुरक्षा एवं कल्याण, वैधानिक नियमों का पालन, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा परिचालन दक्षता जैसे महत्वपूर्ण मानकों को शामिल किया जाता है। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों को ही 5-स्टार रेटिंग प्रदान की जाती है।इस वर्ष सम्मानित हुई एसईसीएल की चारों भूमिगत खदानों—बंगवार, खैराहा, बेहराबांध और विजय वेस्ट—ने सुरक्षित संचालन, वैज्ञानिक खनन, उत्पादन क्षमता, श्रमिक कल्याण और पर्यावरणीय प्रबंधन के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वहीं जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना ने ओवरबर्डन प्रबंधन, हरित विकास, जल संरक्षण और सुरक्षित उत्पादन जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां दर्ज करते हुए यह प्रतिष्ठित सम्मान हासिल किया।
इस उपलब्धि पर एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहन ने कहा कि एक साथ पांच खदानों को 5-स्टार रेटिंग मिलना पूरे एसईसीएल परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह सफलता अधिकारियों, कर्मचारियों, व्यावसायिक सहयोगियों और सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सुरक्षित, सतत और पर्यावरण-अनुकूल खनन एसईसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा आधुनिक तकनीकों और श्रेष्ठ खनन पद्धतियों के माध्यम से कंपनी परिचालन उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।उन्होंने विश्वास जताया कि यह सम्मान भविष्य में भी एसईसीएल को जिम्मेदार, सुरक्षित और सतत खनन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगा।
एसईसीएल की यह उपलब्धि केवल परिचालन दक्षता और सुरक्षा संस्कृति का प्रतीक नहीं है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और जिम्मेदार खनन के प्रति कंपनी की मजबूत प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। कोल इंडिया लिमिटेड की अग्रणी अनुषंगी कंपनी के रूप में एसईसीएल आधुनिक तकनीक, नवाचार और बेहतर खनन प्रथाओं के माध्यम से देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने और सतत विकास के लक्ष्यों को हासिल करने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।

