बिलासपुर, 06 जुलाई (वेदांत समाचार)। बिलासपुर में देर रात तक रुक-रुककर तेज बारिश होती रही। बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। वहीं, शहर के कई हिस्सों में जलभराव होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, मौसम में अचानक आए बदलाव से लोगों को उमस से राहत भी मिली। शहर से लगे कोनी थाना क्षेत्र में बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान गंभीर रूप से झुलस गया।
उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। रविवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे, जिससे उमस बढ़ गई थी। दोपहर बाद काले बादलों के साथ तेज बारिश शुरू हुई, जो शाम और रात तक रुक-रुककर जारी रही। लगातार बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में जल निकासी व्यवस्था जवाब दे गई। नतीजतन सड़कों पर पानी भर गया और लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। निचले इलाकों और प्रमुख मार्गों पर भी जलभराव की स्थिति देखने को मिली।

