CG NEWS : सुबह-सुबह पुलिस का मेगा ऑपरेशन बदमाशों के ठिकानों पर दबिश 90 संदिग्ध हिरासत में... - vedantsamachar.in

CG NEWS : सुबह-सुबह पुलिस का मेगा ऑपरेशन बदमाशों के ठिकानों पर दबिश 90 संदिग्ध हिरासत में…

बिलासपुर, 06 जुलाई (वेदांत समाचार)। शहर में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले बदमाशों के खिलाफ रविवार की सुबह पुलिस ने ऐसा अभियान चलाया, जिससे अपराधियों में हड़कंप मच गया। सूरज निकलने से पहले ही पुलिस की अलग-अलग टीमें शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सक्रिय हो गईं और चाकूबाजों, निगरानी बदमाशों तथा आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों के ठिकानों पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 90 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जबकि कई आदतन बदमाशों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य शहर में बढ़ती चाकूबाजी, गुंडागर्दी और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना था।

अभियान के लिए पहले से बदमाशों की सूची तैयार की गई थी और उनके ठिकानों की जानकारी जुटाई गई थी। इसके बाद पुलिस की टीमों ने एक साथ कार्रवाई करते हुए संदिग्धों का सत्यापन किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि अभियान के दौरान हिरासत में लिए गए 90 लोगों की जांच और सत्यापन के बाद 76 आदतन गुंडा-बदमाशों और चाकूबाजों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 एवं 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसके अलावा 12 आदतन बदमाशों को बीएनएसएस की धारा 170 के तहत न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। अभियान के दौरान पुलिस को दो आरोपियों के कब्जे से अवैध धारदार हथियार भी बरामद हुए। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में निगरानी बदमाशों और चाकूबाजों के घरों पर पहुंचकर उनकी गतिविधियों का सत्यापन भी किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन लोगों के खिलाफ पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है, उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी और कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ इस तरह के विशेष अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे, ताकि आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना बनी रहे और अपराधियों में कानून का भय कायम हो।