Janjgir-Champa Road Accident: जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसे, बिर्रा में कैप्सूल वाहन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, पिपरदा में कार-बाइक टक्कर में 3 युवक गंभीर घायल - vedantsamachar.in

Janjgir-Champa Road Accident: जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसे, बिर्रा में कैप्सूल वाहन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत, पिपरदा में कार-बाइक टक्कर में 3 युवक गंभीर घायल

जांजगीर-चांपा, 04 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले में शनिवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पहला हादसा बिर्रा थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने पैदल जा रहे एक अधेड़ को कुचल दिया। वहीं दूसरा हादसा बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरदा के मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

बिर्रा थाना क्षेत्र के टॉकीज के पास पैदल जा रहे छत्तु पटेल (निवासी वार्ड क्रमांक-9) को शिवरीनारायण की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के पहिए के नीचे आने से कमर के नीचे का हिस्सा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और विरोध स्वरूप चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही बिर्रा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर शांत कराया तथा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना की जांच के साथ वाहन चालक के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

वहीं दूसरी घटना बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरदा के मुख्य मार्ग पर हुई, जहां कार और बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर दूर-दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में कार चालक को भी मामूली चोटें आई हैं। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस ने दोनों मामलों में घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है और संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।