रायपुर, 4 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ को खरीफ सीजन के लिए केंद्र सरकार से 46,500 मीट्रिक टन अतिरिक्त डीएपी (डाय-अमोनियम फॉस्फेट) का आवंटन मिलने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश (जे.पी.) नड्डा का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से प्रदेश के किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध होगा और खरीफ सीजन में खाद की कमी नहीं होगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा के विशेष सहयोग से लिया गया यह फैसला राज्य के किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। अतिरिक्त डीएपी मिलने से किसानों को खेती के दौरान आवश्यक उर्वरक समय पर उपलब्ध कराया जा सकेगा, जिससे कृषि कार्य बिना किसी बाधा के संपन्न होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा से मुलाकात के दौरान उन्होंने खरीफ सीजन की जरूरतों को देखते हुए छत्तीसगढ़ के लिए अतिरिक्त डीएपी उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। केंद्रीय मंत्री ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिया था, जिसके परिणामस्वरूप राज्य को 46,500 मीट्रिक टन अतिरिक्त डीएपी का आवंटन प्राप्त हुआ है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में यूरिया की उपलब्धता पहले से ही पर्याप्त है और अब अतिरिक्त डीएपी मिलने से खरीफ सीजन के लिए खाद की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित हो गई है। इससे किसानों को उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीएपी, यूरिया सहित सभी आवश्यक कृषि आदानों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार अन्नदाता के कल्याण और कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

