बिलासपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी, किराए के मकान में मिले दोनों के शव - vedantsamachar.in

बिलासपुर में दिल दहला देने वाली वारदात: पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी, किराए के मकान में मिले दोनों के शव

बिलासपुर, 04 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र स्थित हेमूनगर में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक किराए के मकान में पति-पत्नी के शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पति ने पहले अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या की और उसके बाद खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

मृतकों की पहचान अशोक देवांगन और उनकी पत्नी धनेश्वरी देवांगन के रूप में हुई है। दोनों हेमूनगर स्थित किराए के मकान में अपने परिवार के साथ रहते थे। शनिवार सुबह करीब 5 से 6 बजे के बीच घर से कोई हलचल नहीं होने और अनहोनी की आशंका होने पर मोहल्लेवासियों ने मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों की मौजूदगी में घर का दरवाजा तोड़ा।

दरवाजा खुलते ही अंदर का दृश्य देखकर सभी सन्न रह गए। कमरे में अशोक देवांगन का शव फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि पत्नी धनेश्वरी देवांगन का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा था। महिला के गले पर धारदार हथियार, संभवतः कुल्हाड़ी, से कई वार किए जाने के निशान मिले हैं। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका जताई है।

घटना के समय दंपति के दो मासूम बच्चे घर के दूसरे कमरे में बंद मिले। पुलिस ने दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्चों की मानसिक स्थिति को देखते हुए उनसे सावधानीपूर्वक पूछताछ की जाएगी। पुलिस का मानना है कि बच्चों के बयान इस मामले की जांच में महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अशोक देवांगन सब्जी बेचने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ दिनों से काम पर नहीं जा रहा था और घर पर ही रह रहा था। ऐसे में पुलिस आर्थिक तंगी, पारिवारिक विवाद, मानसिक तनाव और व्यवसायिक नुकसान समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

घटनास्थल से पुलिस ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

इस दर्दनाक घटना के बाद हेमूनगर क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग घटना से स्तब्ध हैं। फिलहाल तोरवा थाना पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है और सभी संभावित कारणों की पड़ताल में जुटी हुई है।