जांजगीर-चांपा, 02 जुलाई। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र में स्थित ग्राम पंचायत किकिरदा के पटवारी कार्यालय में शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी दस्तावेजों से छेड़छाड़ करने और शासकीय कर्मचारी के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 30 जून 2026 की है। पटवारी कार्यालय में पदस्थ कर्मचारी सत्येंद्र कुमार कंवर अपने नियमित शासकीय कार्यों का निर्वहन कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी सदानंद जायसवाल (56 वर्ष), घनश्याम आदित्य (30 वर्ष), सोनू आदित्य (25 वर्ष) और मनोज देवांगन (39 वर्ष) जबरन कार्यालय में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई, कार्यालय में रखे शासकीय दस्तावेजों से छेड़छाड़ की और विरोध करने पर कर्मचारी के साथ अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की।
घटना के बाद पीड़ित कर्मचारी की शिकायत पर बिर्रा थाना में अपराध क्रमांक 87/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 132, 121, 115(2), 332(2) और 3(5) के तहत मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर हिरासत में लिया, जहां पूछताछ के दौरान उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजीव श्रीवास्तव और प्रधान आरक्षक विवेक सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शासकीय कार्य में बाधा डालने, सरकारी कर्मचारियों के साथ अभद्रता और कानून व्यवस्था भंग करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

